आदित्यपुर: पेट्रोल पंप के पास कार टक्कर के बाद युवक पर जानलेवा हमला, पीड़ित ने दर्ज कराई शिकायत

Spread the love

आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के समीप कार की टक्कर के बाद एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि बिना नंबर प्लेट वाली थार और स्कॉर्पियो से आए लोगों ने उस पर जानलेवा हमला किया। इस संबंध में पीड़ित ने आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायतकर्ता साहिल नाग के अनुसार, वह अपने काम से परसूडीह से आदित्यपुर आए थे। इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास अपनी स्विफ्ट डिजायर कार पार्क करने के दौरान पीछे से आई एक बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ी ने उनकी कार में टक्कर मार दी। विरोध करने पर थार सवार व्यक्ति ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद उन लोगों ने बेसबॉल बैट और डंडों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

साहिल नाग ने आरोप लगाया कि थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के दौरान शुरुआती स्तर पर मामले को हल्के में लेने की कोशिश की गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

बताया जा रहा है कि पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नोट: यह खबर शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले की जांच जारी है और दूसरे पक्ष का बयान सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।