सरायकेला में खाद की बढ़ी कीमतों से किसान नाराज, कालाबाजारी रोकने की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

Spread the love

सरायकेला: रबी फसल की तैयारियों के बीच सरायकेला-खरसावां जिले के किसानों ने खाद की बढ़ती कीमतों को लेकर नाराजगी जताई है। किसानों का आरोप है कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा निर्धारित दरों के बावजूद जिले के कई क्षेत्रों में यूरिया और डीएपी खाद अधिक कीमत पर बेची जा रही है, जिससे खेती की लागत लगातार बढ़ रही है।

किसानों के अनुसार, सरकारी दर के मुताबिक 45 किलोग्राम यूरिया की एक बोरी ₹266.50 और 50 किलोग्राम डीएपी की एक बोरी ₹1,350 में उपलब्ध होनी चाहिए। लेकिन जिले के कई बाजारों में यूरिया ₹540 प्रति बोरी तथा डीएपी ₹2,000 से ₹2,500 प्रति बोरी तक बेची जा रही है। किसानों का कहना है कि निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली के कारण छोटे और सीमांत किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

इस मामले को लेकर किसानों ने जिला कृषि पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर खाद की कथित कालाबाजारी की जांच कराने और अधिक कीमत वसूलने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने दोषी पाए जाने पर संबंधित दुकानों का लाइसेंस रद्द करने की भी मांग की।

किसानों ने जिले की सभी उर्वरक दुकानों के बाहर सरकारी दरों की सूची और शिकायत दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित करने की भी मांग की। उनका कहना है कि इससे किसानों को सही कीमत की जानकारी मिलेगी और मनमानी वसूली पर रोक लगेगी। इस दौरान राहुल देव महतो, हरीश कुमार, आस्तिक महतो, मानसा, सुजीत कुमार और पोल्टू महतो सहित कई किसान उपस्थित रहे।