देवघर: बाबा बैद्यनाथ धाम में आयोजित राज्यस्तरीय श्रावणी मेला-2026 का बुधवार को डुम्मा कांवरिया पथ पर विधिवत शुभारंभ हुआ। पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू एवं ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने मेले का उद्घाटन किया। इससे पूर्व 11 वैदिक आचार्यों ने बाबा बैद्यनाथ की विशेष पूजा-अर्चना कर मेले के सफल एवं निर्विघ्न आयोजन की कामना की। इस अवसर पर देवघर विधायक सुरेश पासवान, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह, जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुँवर सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाले श्रावणी मेले में आने वाले प्रत्येक कांवरिया की सेवा भगवान शिव की सेवा के समान है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। पहली बार भीड़ प्रबंधन के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है तथा शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए विशेष शिकायत प्रणाली भी शुरू की गई है।
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि बाबा नगरी देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। वहीं उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि मेले में सुरक्षा के लिए विशेष कैमरे लगाए गए हैं। श्रद्धालु विशेष क्यूआर कोड के माध्यम से फोटो सहित शिकायत दर्ज करा सकेंगे, जिसका शीघ्र निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार श्रावणी मेला अवधि में विशेष दर्शन व्यवस्था पूरी तरह बंद रहेगी और सभी श्रद्धालुओं के लिए समान व्यवस्था लागू होगी। शिवलोक परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं विशेष प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा।

