चतरा में नशा तस्करी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, IG ने पूरे नेटवर्क पर प्रहार करने को कहा

Spread the love

चतरा: चतरा जिले में नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के उद्देश्य से उत्तर छोटानागपुर (बोकारो) प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (IG) शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने बुधवार को जिले का दौरा कर एनडीपीएस (NDPS) मामलों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने और नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी सहित अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। समीक्षा के दौरान आईजी ने चतरा और रामगढ़ जिलों में दर्ज एनडीपीएस मामलों की प्रगति की जानकारी ली और कहा कि अनुसंधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने हर महत्वपूर्ण कड़ी की गहन जांच करने पर जोर दिया।

आईजी ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई केवल छोटे आरोपियों या सीमित बरामदगी तक नहीं रहनी चाहिए, बल्कि नशा तस्करी के पूरे सप्लाई नेटवर्क की पहचान कर उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान मिलने वाला हर छोटा तथ्य भी महत्वपूर्ण हो सकता है।

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने लोगों से अपील की कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें, ताकि इस अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।