जमशेदपुर: भुइयांडीह क्षेत्र के कल्याण नगर, इंद्रानगर और आसपास के इलाकों में प्रस्तावित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर प्रभावित परिवारों की चिंता बढ़ गई है। वर्ष 2024 के राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के आदेश के अनुपालन में जिला प्रशासन कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। इस बीच जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने प्रभावित परिवारों की समस्याओं को देखते हुए जिला प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की अपील की है।


बुधवार को कल्याण नगर और इंद्रानगर के बड़ी संख्या में प्रभावित परिवार एग्रिको स्थित विधायक कार्यालय पहुंचे। लोगों ने बताया कि यदि बारिश के मौसम में उनके घरों पर बुलडोजर चलाया गया तो महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और मजदूर परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो जाएंगे। उन्होंने विधायक से राहत दिलाने की मांग की।
शिकायत सुनने के बाद विधायक पूर्णिमा साहू ने तत्काल उपायुक्त राजीव रंजन से फोन पर बात कर कार्रवाई फिलहाल स्थगित करने और प्रभावित परिवारों को पर्याप्त समय देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्रवाई के दौरान मानवीय पहलुओं की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।
विधायक ने 145 नोटिस प्राप्त परिवारों के दस्तावेजों का शीघ्र सत्यापन कराने तथा पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना से जोड़ने की मांग की। उन्होंने कहा कि पुनर्वास की प्रक्रिया पूरी किए बिना किसी भी परिवार को बेघर नहीं किया जाना चाहिए।
बाद में विधायक पूर्णिमा साहू कल्याण नगर, इंद्रानगर और मुर्गापाड़ा क्षेत्र पहुंचीं और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासनिक स्तर पर संतोषजनक समाधान नहीं निकला तो वह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर प्रभावित परिवारों के सम्मानजनक पुनर्वास की मांग करेंगी।

