जमशेदपुर: चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में आरोपी भाजपा नेता नीरज सिंह को फिलहाल अदालत से कोई राहत नहीं मिली है। उनकी जमानत याचिका पर एडीजे-2 की अदालत में सुनवाई हुई, जहां मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने केस डायरी तलब करते हुए अगली सुनवाई के लिए 12 अगस्त की तिथि निर्धारित की है।


सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने नीरज सिंह को जमानत देने की मांग की। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने जांच से जुड़े दस्तावेजों का अवलोकन आवश्यक मानते हुए केस डायरी पेश करने का निर्देश दिया। अब केस डायरी के अध्ययन के बाद अगली सुनवाई होगी। इससे पहले सीजेएम कोर्ट भी नीरज सिंह की जमानत याचिका खारिज कर चुकी है, जिसके बाद उन्होंने एडीजे-2 की अदालत का रुख किया था। फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में रहेंगे।
गौरतलब है कि 26 जून की रात जमशेदपुर के डीडी बार में विवाद के बाद हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह पर चाकू से हमला किया गया था। इस हमले में हिमांशु सिंह की मौत हो गई, जबकि प्रत्युष सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने नीरज सिंह को राजस्थान से गिरफ्तार किया था। इस मामले में अब तक 14 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और मामले की जांच व न्यायिक प्रक्रिया जारी है।

