गिरिडीह में ₹5 करोड़ की सड़क निर्माण पर बवाल, घटिया सामग्री के आरोप में ग्रामीणों ने रुकवाया काम

Spread the love

गिरिडीह: गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से बन रही सड़क निर्माण परियोजना विवादों में घिर गई है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में कथित अनियमितता और घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाते हुए बुधवार को निर्माण कार्य रुकवा दिया। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

खरखरी गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण निर्माण स्थल पर पहुंचे और कहा कि सड़क निर्माण में निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गार्डवाल निर्माण में तय गुणवत्ता वाले पत्थरों की जगह कमजोर और सफेद बोल्डरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा सड़क किनारे निर्धारित गहराई तक खुदाई नहीं की जा रही, जिससे सड़क की मजबूती पर असर पड़ सकता है।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले तीन महीनों से संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कुछ ग्रामीणों ने विरोध करने पर झूठे मामलों में फंसाने की धमकी मिलने का भी आरोप लगाया है।

वहीं विभागीय सिविल इंजीनियर शमशाद ने बताया कि शिकायत को गंभीरता से लेते हुए फिलहाल निर्माण कार्य रोक दिया गया है। विभागीय टीम जल्द ही स्थल का निरीक्षण करेगी और यदि जांच में अनियमितता या घटिया सामग्री का उपयोग पाया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।