श्रावणी मेला 2026: बाबा बैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ मंदिर में पूरे श्रावण मास तक VIP दर्शन पर रोक

Spread the love

देवघर: श्रावणी मेला 2026 की शुरुआत के साथ ही झारखंड सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ मंदिर में पूरे श्रावण मास और श्रावणी मेला अवधि के दौरान VIP एवं आउट ऑफ टर्न दर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। यह व्यवस्था 30 जुलाई से लागू हो गई है।

कैबिनेट सचिवालय एवं निगरानी विभाग की अपर मुख्य सचिव एवं गृह सचिव वंदना दादेल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मेले की पूरी अवधि में किसी भी व्यक्ति को विशेष या प्राथमिकता के आधार पर दर्शन की अनुमति नहीं होगी। सरकार का उद्देश्य लाखों श्रद्धालुओं को समान अवसर पर सुरक्षित और सुगम दर्शन कराना है।

हर वर्ष श्रावण मास में देशभर से लाखों कांवड़िये और श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने अर्घा प्रणाली के माध्यम से जलार्पण की व्यवस्था लागू की है, जिससे दर्शन और पूजा की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित रहे।

सरकार का कहना है कि VIP दर्शन पर रोक लगाने से लंबी कतारों में खड़े आम श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी और भीड़ प्रबंधन बेहतर होगा। प्रशासन ने सुरक्षा, ट्रैफिक, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल, सफाई और आपातकालीन सुविधाओं के भी व्यापक इंतजाम किए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।