ब्रेकिंग: आदित्यपुर की ग्लोरिया इंजीनियरिंग कंपनी में सिलेंडर विस्फोट, 5 मजदूर घायल, 3 की हालत गंभीर

Spread the love

सरायकेला-खरसावां/आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित ग्लोरिया इंजीनियरिंग कंपनी में गुरुवार दोपहर हुए भीषण सिलेंडर विस्फोट से फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि दो अन्य कर्मचारी घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) भेजा गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर में फैक्ट्री के अंदर नियमित रूप से काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद फैक्ट्री में भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों और फैक्ट्री प्रबंधन ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, आग की चपेट में आने से झुलसे तीन मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य दो घायलों का भी उपचार जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा सिलेंडर फटने से हुआ है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किस प्रकार का सिलेंडर फटा और दुर्घटना गैस रिसाव, तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।