सरायकेला में तेज रफ्तार सेलेरियो ने सड़क किनारे खड़े लोगों को मारी टक्कर, चार घायल

Spread the love

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक तेज रफ्तार सेलेरियो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े लोगों पर चढ़ गई। हादसे में चार लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह हादसा चौका थाना क्षेत्र के बांसा स्कूल मैदान के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज गति से आ रही सेलेरियो कार अचानक चालक का नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के अनुसार, कार चला रहे व्यक्ति की पहचान सुखदेव महतो, निवासी सुकसारी (चांडिल) के रूप में हुई है। वाहन मालिक नितिन महतो भी हादसे के समय कार में मौजूद था।

स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया है कि चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

हादसे में पोड़ोलोचन दास, किरीटी पांडेय, माणिक पांडेय और महेंद्र महतो घायल हुए हैं। इनमें पोड़ोलोचन दास की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। चिकित्सकों को रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर, मूत्रमार्ग से रक्तस्राव और आंत में चोट की आशंका है। उनका इलाज डॉक्टरों की निगरानी में जारी है।

वहीं, किरीटी पांडेय के सिर और कमर में चोट लगी है। माणिक पांडेय के पैर में तथा महेंद्र महतो के पैर की उंगली में गंभीर चोट आई है।

सूचना मिलने पर चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।