सरायकेला: सरायकेला थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच चोरी की मोटरसाइकिल, जिनमें एक पंजीकृत हीरो स्प्लेंडर (JH22F-8686) भी शामिल है, बरामद की है।


पुलिस के अनुसार, गिरोह सरायकेला के अलावा आसपास के क्षेत्रों में भी बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। एसपी के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए अंसारी उर्फ तेजा (26), करण बास्के (22) और कृष्णा नाथ उर्फ दुखु (22) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बाइक चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
यह मामला सरायकेला थाना कांड संख्या 61/2026 से जुड़ा है। 27 जुलाई को लाल चांद सरदार की शिकायत पर उनकी हीरो स्प्लेंडर बाइक चोरी होने का मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। फिलहाल गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है तथा अन्य बाइक चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच जारी है।

