जमशेदपुर: दलमा वन्यजीव अभयारण्य आने वाले पर्यटकों के लिए अब प्रकृति की गोद में आधुनिक सुविधाओं के साथ ठहरने का नया विकल्प उपलब्ध हो गया है। रविवार को राज्य के नगर विकास एवं पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने माकुलाकोचा ईको रेस्ट हाउस का विधिवत उद्घाटन किया। पूजा-अर्चना, फीता काटकर और गुब्बारे उड़ाकर रेस्ट हाउस का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर ईचागढ़ विधायक सविता महतो, घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, वन एवं पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


मंत्री ने अधिकारियों को तत्काल ऑनलाइन बुकिंग शुरू करने का निर्देश देते हुए बताया कि पर्यटक दलमा वाइल्डलाइफ और झारखंड टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (JTDC) की वेबसाइट के माध्यम से बुकिंग कर सकेंगे। ईको रेस्ट हाउस का किराया 3,500 रुपये प्रति रात्रि निर्धारित किया गया है, जिसमें नाश्ते की सुविधा भी शामिल होगी।
उन्होंने बताया कि दलमा क्षेत्र में ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत से माकुलाकोचा और पिंडराबेरा में 15 कमरों वाले आधुनिक ईको रेस्ट हाउस विकसित किए जा रहे हैं। पिंडराबेरा में बन रहा हैंगिंग ईको रेस्ट हाउस भी अंतिम चरण में है और जल्द पर्यटकों के लिए खोला जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। अंत में मंत्री, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। यह पहल पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी।

