झारखंड सरकार 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट तैयार करने में जुटी, मानसून सत्र में होगा पेश

Spread the love

रांची: झारखंड सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 के पहले अनुपूरक बजट को अंतिम रूप देने में जुटी है। वित्त विभाग इसकी तैयारियों को तेजी से पूरा कर रहा है, ताकि इसे आगामी झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र में प्रस्तुत किया जा सके। इस संबंध में वित्त विभाग के निर्देश पर सभी विभागों से अतिरिक्त बजटीय प्रावधानों से जुड़े प्रस्ताव मांगे गए थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कई विभागों ने अपने-अपने विभागीय मंत्रियों की स्वीकृति के बाद प्रस्ताव कैबिनेट सचिवालय के माध्यम से राज्य सरकार को भेज दिए हैं। इन प्रस्तावों के आधार पर वित्त विभाग अनुपूरक बजट का अंतिम मसौदा तैयार कर रहा है।

वित्त विभाग के संयुक्त सचिव-सह-बजट पदाधिकारी चंद्रभूषण प्रसाद द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, अनुपूरक बजट में केंद्र प्रायोजित एवं केंद्रीय क्षेत्र की योजनाओं में हिस्सेदारी में बदलाव, केंद्र से प्राप्त अतिरिक्त राशि के अनुरूप बजटीय प्रावधान, राज्यांश एवं टॉप-अप राशि, मुख्य बजट में हुई त्रुटियों का संशोधन, स्थापना व्यय तथा अन्य अत्यावश्यक आवश्यकताओं से संबंधित प्रस्ताव शामिल किए जा रहे हैं।

वित्त विभाग द्वारा तैयार प्रथम अनुपूरक व्यय विवरण पहले राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद इसे झारखंड विधानसभा के आगामी मानसून सत्र में प्रस्तुत किया जाएगा।