रामगढ़: चर्चित सुमित अग्रवाल हत्याकांड में रामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के दो मुख्य साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो चाकू और एक बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे नशे के कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई और पैसों के लेन-देन का विवाद मुख्य कारण था।


यह मामला 29 जून 2026 का है। रामगढ़ थाना क्षेत्र के न्यू बगहा में हुई इस हत्या के संबंध में मृतक की पत्नी के बयान पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)-2023 की धारा 103(1)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने पहले तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर सूरज कुमार दास उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया था, जिसे 1 अगस्त को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। आगे की जांच में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने सुमित कुमार सोनी और अभिषेक कुमार साव को गिरफ्तार किया, जिन्हें हत्या का मुख्य साजिशकर्ता बताया जा रहा है। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए दो चाकू और बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई।
मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा ने बताया कि मामले की जांच जारी है। अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया गया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

