डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने रांची के नए सिविल सर्जन के रूप में संभाला पदभार, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का दिया भरोसा

Spread the love

रांची: रांची के नए सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने सोमवार को औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर निवर्तमान सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने कहा कि जिले के लोगों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण इलाज और आवश्यक सुविधाएं समय पर मिल सकें। इसके लिए वे पूरी टीम के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेंगे।

वहीं, डॉ. प्रभात कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य कार्यक्रमों की सफलता टीमवर्क का परिणाम रही है और उन्हें विश्वास है कि नई टीम भी इसी समर्पण के साथ जनता की सेवा करेगी।

कार्यक्रम में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह, डॉ. असीम मांझी, डॉ. एस. बास्के, डॉ. प्रभावती सहित कई चिकित्सक मौजूद रहे। सभी ने डॉ. प्रभात कुमार के कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा डॉ. अमरेंद्र प्रसाद का स्वागत कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। अंत में जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।