पलामू: पलामू जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के गाजी बिहरा गांव में मंगलवार दोपहर धान रोपनी के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से चार लोग इसकी चपेट में आ गए। घटना में एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग झुलस गए। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।


मृतका की पहचान पुष्पा देवी, पति धनंजय पासवान, के रूप में हुई है। वहीं घायलों में बबीता देवी, प्रेम शंकर पासवान और सरिता देवी शामिल हैं। सभी गाजी बिहरा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने सभी घायलों को इलाज के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान पुष्पा देवी ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य तीन घायलों का इलाज जारी है। डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रशासन द्वारा मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खेतों और खुले स्थानों पर जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

