देवघर: सावन माह में बाबा बैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए झारखंड सरकार ने मंगलवार से विशेष हेलीकॉप्टर सेवा शुरू कर दी है। 4 अगस्त से प्रारंभ हुई इस सेवा के माध्यम से श्रद्धालु अब देवघर और बासुकीनाथ धाम का हवाई दर्शन कर सकेंगे। सेवा शुरू होते ही टिकट बुकिंग और हवाई यात्रा के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। इसके लिए सरकार ने BEL-407 हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की है।


श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चार अलग-अलग हेलीकॉप्टर पैकेज तैयार किए गए हैं। देवघर और बासुकीनाथ के हवाई दर्शन के लिए प्रति व्यक्ति ₹2,850, देवघर दर्शन के लिए ₹3,750 तथा देवघर से बासुकीनाथ तक वन-वे यात्रा के लिए ₹4,500 शुल्क निर्धारित किया गया है। इच्छुक श्रद्धालु अग्रिम टिकट बुकिंग कर इस सेवा का लाभ उठा सकते हैं।
सावन मेले में झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों से लाखों श्रद्धालु देवघर पहुंचते हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए सरकार ने सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह सेवा शुरू की है। हेलीकॉप्टर सेवा के संचालन और व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए कैप्टन अमितेश आनंद को विभागीय प्रतिनिधि बनाया गया है। वहीं जिला प्रशासन को हेलिपैड, टिकट काउंटर और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

