गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा ने शुरू किया ‘समरसता संकल्प एवं कलश वंदन अभियान’

Spread the love

रांची: संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को झारखंड भाजपा ने रांची के डिबडीह स्थित कार्निवल बैंक्वेट हॉल से राज्यव्यापी समरसता संकल्प एवं कलश वंदन अभियान की शुरुआत की। अभियान के तहत गुरु रविदास की जन्मस्थली से लाई गई पवित्र मिट्टी से भरे कलशों को राज्य के सभी 30 संगठनात्मक जिलों के लिए रवाना किया गया।

संसद सत्र के कारण प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। उनका लिखित संदेश पढ़कर सुनाया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं से कलशों को जिला, मंडल, शक्ति केंद्र और गांव-गांव तक पहुंचाकर गुरु रविदास के सामाजिक समरसता और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि समाज को जाति, भाषा और धर्म के आधार पर बांटने की कोशिशों का जवाब सामाजिक समरसता से दिया जाएगा। वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और मधु कोड़ा ने गुरु रविदास के विचारों को सामाजिक एकता, समानता और मानवता का मार्गदर्शक बताते हुए अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने की बात कही।

कार्यक्रम में संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, दीपक प्रकाश, सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, पद्मश्री महावीर नायक सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।