JPSC भर्ती घोटाला: CID ने तीन और आरोपियों को किया गिरफ्तार, कुल गिरफ्तारियां बढ़कर 14 हुईं

Spread the love

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितता और सेटिंग-गेटिंग मामले की जांच कर रही सीआईडी (CID) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सीआईडी थाना में दर्ज कांड संख्या 16/26 के तहत की गई है। इन गिरफ्तारियों के साथ ही इस मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है।

सीआईडी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों पर JPSC भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितता और सेटिंग-गेटिंग में भूमिका निभाने का आरोप है। इससे पहले इसी मामले में 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेश कुमार (टेट्री टोली, नामकुम), बुधेश्वर भगत (पिपरटोली, रांची) और रमेश कुमार (बरियातू, रांची) के रूप में हुई है। तीनों को रांची से गिरफ्तार किया गया।

सीआईडी की जांच टीम भर्ती प्रक्रिया में हुई कथित गड़बड़ियों और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल मामले की जांच तेज़ी से जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।