एमजीएम अस्पताल में मरीज की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप

Spread the love

जमशेदपुर: एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मंगलवार रात एक मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस और पीसीआर टीम अस्पताल पहुंची और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को शांत कराया।

मृतक की पहचान ओल्ड सीतारामडेरा निवासी 61 वर्षीय कानू चक्रवर्ती के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह लंबे समय से लीवर की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। पहले उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा था, लेकिन बीमारी दोबारा बढ़ने पर उन्हें एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिवार का आरोप है कि भर्ती के बाद मरीज की हालत बिगड़ने पर कई बार डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को बुलाया गया, लेकिन समय पर उचित इलाज नहीं मिला। मंगलवार रात करीब 10 बजे उनकी मौत हो गई।

वहीं, अस्पताल से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि मरीज की हालत पहले से ही बेहद गंभीर थी। बेहतर इलाज के लिए उसे आईसीयू में शिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने की सलाह दी गई थी, लेकिन आर्थिक कारणों से परिजन एमजीएम में ही इलाज कराना चाहते थे।

फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और दोनों पक्षों के दावों की जांच की जा रही है।