जमशेदपुर: गोविंदपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। हादसा अन्ना चौक के पास एसडी पब्लिक स्कूल की बस की चपेट में आने से हुआ। मृत बच्ची की पहचान आनंद कुमारी के रूप में हुई है, जो गोविंदपुर की रहने वाली थी। हादसे में 11 वर्षीय रेहान और उसके पिता रेशु कुमार भी घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल बस तेज रफ्तार में आ रही थी और इसी दौरान ओवरटेक करने के क्रम में सड़क किनारे स्थित वॉशिंग सेंटर के पास हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि बस की चपेट में वॉशिंग सेंटर के एक कर्मचारी और वहां मौजूद दो बच्चों समेत उनके पिता आ गए। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हुए। वॉशिंग सेंटर के कर्मचारी के पैर में फ्रैक्चर होने की भी सूचना है।
घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिसे स्थानीय लोगों ने पीछा कर बिरसानगर स्थित बीएड कॉलेज के पास पकड़ लिया। स्थानीय लोगों ने चालक पर नशे में बस चलाने का आरोप लगाया है। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने अन्ना चौक के पास सड़क जाम कर कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर गोविंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।

