जमशेदपुर: झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता और जननायक शहीद निर्मल महतो की शहादत दिवस पर शनिवार को जमशेदपुर में उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस अवसर पर मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने पारडीह चौक स्थित शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मेयर सुधा गुप्ता ने निर्मल महतो के संघर्ष और योगदान को याद करते हुए कहा कि झारखंड राज्य के निर्माण और यहां के लोगों के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष, त्याग और बलिदान हमेशा प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने कहा कि निर्मल दा ने अपने जीवन में शोषित और वंचित लोगों की आवाज को मजबूती से उठाया। उनके विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा देते रहेंगे।
मेयर ने कहा कि जननायक निर्मल महतो के सपनों का झारखंड बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। सामाजिक न्याय को मजबूत करना और जनसेवा के लिए समर्पित रहना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद मोमिता चटर्जी, विनोद रवि राम, जीएम रजा, संतोष पोद्दार, प्रदीप शर्मा, ईश्वर सिंह, प्रभाकर साहू, शाहनवाज अहमद, अंसार खान, अखिलेश सिंह समेत कई लोग उपस्थित रहे।

