जमशेदपुर: बिहार के बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र के चमथा दियारा में हुए हत्याकांड के मुख्य आरोपी प्रमोदी राय को पुलिस ने करीब दो महीने बाद जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित प्रेमनगर से गिरफ्तार किया है। घटना के बाद आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था। आरोपी के जमशेदपुर में छिपे होने की सूचना मिलने के बाद तेघड़ा डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम ने प्रेमनगर में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया।


जानकारी के अनुसार, 8 जून को चमथा दियारा इलाके में जमीन विवाद को लेकर रामजी राय और प्रमोदी राय के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना के दिन रामजी राय के परवल खेत में कुछ लोग फसल तोड़ रहे थे। इसी दौरान प्रमोदी राय अपने साथियों और कुछ अन्य लोगों के साथ हथियार लेकर वहां पहुंचा। पुलिस के अनुसार, फसल तोड़ने के बदले लोगों से पैसे की मांग को लेकर विवाद बढ़ गया।
विवाद के दौरान हुई गोलीबारी में भारत राय के पुत्र अजीत राय की गोली लगने से मौके पर मौत हो गई। वहीं, अजीत को बचाने पहुंचे उसके छोटे भाई दीपक कुमार की बांह में भी गोली लगी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले में प्रमोदी राय समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया था।
हत्या के बाद से प्रमोदी राय लगातार फरार चल रहा था। पुलिस को उसके जमशेदपुर के प्रेमनगर में छिपे होने की सूचना मिली, जिसके सत्यापन के बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। बेगूसराय पुलिस के अनुसार, गंभीर आपराधिक मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है।

