जमशेदपुर MGM मेडिकल कॉलेज में जल्द जुड़ेंगे पांच नए डॉक्टर, शिक्षकों की कमी होगी दूर

Spread the love

जमशेदपुर: डिमना चौक स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में पांच नए डॉक्टरों के योगदान की प्रक्रिया जल्द पूरी होने वाली है। इनमें चार डॉक्टर कॉलेज में योगदान दे चुके हैं, जबकि फिजियोलॉजी विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पूनम मेहता प्रशिक्षण में होने के कारण अभी योगदान नहीं दे सकी हैं। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उनके अगले सप्ताह कॉलेज पहुंचकर योगदान देने की उम्मीद है। नए डॉक्टरों के आने से मेडिकल कॉलेज के विभिन्न विभागों में शैक्षणिक गतिविधियों को मजबूती मिलने की संभावना है।

सबसे महत्वपूर्ण योगदान डॉ. विनिता नैन्सी खलखो का है, जिन्होंने पीडियाट्रिक्स विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर के रूप में जिम्मेदारी संभाली है। विभाग में वर्तमान में प्रोफेसर डॉ. केके चौधरी कार्यरत हैं, जिनके जल्द सेवानिवृत्त होने का प्रस्ताव है। ऐसे में डॉ. खलखो के योगदान से विभाग में अनुभवी शिक्षक की उपलब्धता बनी रहेगी और पीजी छात्रों की पढ़ाई तथा पीजी सीटों की मान्यता से जुड़ी चिंताओं को कम करने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा पैथोलॉजी विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. बुधन सथा और ऑर्थोपेडिक्स विभाग में डॉ. आदित्य कुमार झा ने योगदान दिया है। फार्माकोलॉजी विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर आकाश चंद्र ने भी योगदान किया है।

पांचों डॉक्टरों की योगदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मेडिकल कॉलेज में शिक्षकों की कमी काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है। इससे पीजी छात्रों की पढ़ाई सुचारू रखने के साथ एमजीएम अस्पताल में मरीजों को संबंधित विभागों की विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।