जमशेदपुर में भाजपा की तिरंगा यात्रा, स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति के रंग में रंगा शहर

Spread the love

जमशेदपुर: स्वतंत्रता दिवस से पहले शहर में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने और लोगों को स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के संघर्ष एवं बलिदान से जोड़ने के उद्देश्य से भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से रविवार, 9 अगस्त को तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा की शुरुआत साकची स्थित नेताजी सुभाष मैदान (आम बागान) से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ शहर के आम नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी शामिल हुए।

हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए। यात्रा के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए उनके योगदान को नमन किया गया। तिरंगा यात्रा नेताजी सुभाष मैदान से शुरू होकर जमशेदपुर अक्षेस कार्यालय गोलचक्कर तक पहुंची। पूरे मार्ग में बड़ी संख्या में तिरंगे नजर आए और देशभक्ति गीतों एवं नारों से माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।

जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जमशेदपुर में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को याद करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। ऐसे आयोजनों से राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने का संदेश मिलता है।

यात्रा में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिनेश गोस्वामी और जमशेदपुर पूर्वी विधायक पूर्णिमा साहू समेत कई प्रमुख नेता एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।