हजारीबाग: बरकट्ठा थाना क्षेत्र के गोरहर पुल के पास मंगलवार को सड़क हादसे में एक साइकिल सवार की मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने साइकिल से जा रहे दुर्गी ठाकुर को टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा गिरी, जिसमें सवार तीन लोग घायल हो गए।


जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो संख्या JH-10CW-9990 बरही की ओर से आ रही थी। गोरहर पुल के पास पहुंचने पर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसी दौरान सड़क पर साइकिल से जा रहे दुर्गी ठाकुर को वाहन ने टक्कर मार दी। इसके बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा गिरी।
हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। दुर्गी ठाकुर की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर NH-19 पर जाम लगा दिया। सड़क जाम होने से राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित रहा।
सूचना मिलने पर गोरहर थाना प्रभारी रवि रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, CO सुमन कुमार सौरभ ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क से जाम हटा लिया और NH-19 पर यातायात सामान्य हो गया।

