जमशेदपुर: बर्मामाइंस मुस्लिम बस्ती में रविवार को दिवंगत आफताब आलम को श्रद्धांजलि देने के लिए शोक सभा आयोजित की गई। उनके आवास पर बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।


श्रद्धांजलि सभा में बर्मामाइंस के अलावा मानगो, डिमना, जाकिरनगर, पोखरी और मगधमपुर से भी लोग शामिल हुए। स्थानीय लोगों ने बताया कि आफताब आलम हमेशा जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे रहते थे। गरीब परिवारों को राशन उपलब्ध कराने से लेकर बेटियों की शादी में सहयोग करने तक उन्होंने सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लोगों ने उन्हें गरीबों का सच्चा मददगार बताया।
आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग
सभा में मौजूद लोगों ने कहा कि आफताब आलम की हत्या से पूरे क्षेत्र को बड़ा नुकसान हुआ है। लोगों ने मामले में शामिल सभी आरोपियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।
लोगों ने हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और जिला प्रशासन की कार्रवाई की सराहना की। साथ ही उम्मीद जताई कि मामले की निष्पक्ष जांच पूरी होने के बाद अदालत में सभी दोषियों को उनके किए की सजा मिलेगी।

