गिरिडीह: सावन के दौरान बाबाधाम जाने और वहां से लौटने वाले कांवरियों की सुविधा के लिए गिरिडीह पुलिस ने सेवा शिविर लगाया है। शिविर में श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पेयजल, चाय, ठहरने और मेडिकल सुविधा की व्यवस्था की गई है।


दिन-रात सेवा में जुटा पुलिस परिवार
सेवा शिविर में पुलिस परिवार के सदस्य दिन-रात कांवरियों की सेवा में जुटे हैं। यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को उनकी जरूरत के अनुसार भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
देर रात गिरिडीह SP डॉ. विमल कुमार भी सेवा शिविर पहुंचे। उन्होंने कांवरियों के बीच खिचड़ी प्रसाद, फल और अन्य सामग्री का वितरण किया। SP ने शिविर का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
500 कांवरियों के ठहरने की व्यवस्था
SP डॉ. विमल कुमार ने बताया कि शिविर की शुरुआत महज 10 बेड से हुई थी, लेकिन अब यहां करीब 500 कांवरियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि गिरिडीह पुलिस परिवार लगातार श्रद्धालुओं की सेवा में लगा हुआ है। पुलिस का उद्देश्य कांवरियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है।

