जमशेदपुर में पारडीह कालीबाड़ी मंदिर परिसर में जन्मदिन मना रहे नाबालिग बच्चों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना को लेकर बच्चों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने पूर्वी सिंहभूम के SSP को ज्ञापन सौंपकर आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार और घटना में शामिल बताए जा रहे पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।


ज्ञापन के अनुसार, 22 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे मंदिर परिसर में स्थानीय नाबालिग बच्चे अपने एक साथी का जन्मदिन मना रहे थे। परिजनों का आरोप है कि वहां किसी तरह की आपराधिक या असामाजिक गतिविधि नहीं हो रही थी। इसी दौरान आजादनगर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बच्चों के साथ कथित रूप से लाठी से मारपीट की। घटना में गणेश कुमार, राहुल कुमार और बाबू के घायल होने का दावा किया गया है।
परिजनों का कहना है कि घटना के बाद बच्चे मानसिक रूप से परेशान हैं और डर के कारण रात में ठीक से सो नहीं पा रहे हैं। उन्होंने निष्पक्ष जांच, दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और परिवारों को सुरक्षा देने की मांग की है। ज्ञापन की प्रतियां DGP और IG को भी भेजी गई हैं। पुलिस की ओर से आरोपों पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

