जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रेड बिल्डिंग इलाके में ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर करीब 1.5 किलो चांदी के आभूषण, दो वजन मशीन और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए गए हैं।


पुलिस के अनुसार 19 अगस्त की देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच चोरों ने बंद ज्वेलरी दुकान के शटर का ताला तोड़कर चोरी की थी। दुकान से करीब 5 से 6 लाख रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण और दो वजन मशीन चोरी हुई थीं।
घटना की सूचना मिलने के बाद SSP के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
बरामद सामान में चांदी के लॉकेट, अंगूठियां, मंगलसूत्र, पायल, चेन, राखियां, सिक्के, बाजूबंद, ईयर टॉप, मूर्तियां और अन्य आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा दो वजन मशीन, मोबाइल फोन, बड़ा बोल्ट कटर और लोहे की तलवारनुमा धारदार वस्तु भी बरामद हुई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपीनाथ मुंडा उर्फ बुलेट और श्रीमंतो गोप उर्फ सुमंतो ओम के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

