सरायकेला में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक, डीसी ने कहा- मरीजों को समय पर मिले बेहतर इलाज

Spread the love

सरायकेला: सरायकेला कोर्ट ऑडिटोरियम में उपायुक्त नितेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले के स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था, कर्मचारियों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने कहा कि जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में लोगों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समय पर स्वास्थ्य सुविधा मिलना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को रोस्टर के अनुसार समय पर उपस्थित रहने तथा नियमित रूप से बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करने का निर्देश दिया। अब वेतन भुगतान भी बायोमेट्रिक उपस्थिति के आधार पर सुनिश्चित करने की बात कही गई।

बैठक में स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं, उपकरण, साफ-सफाई, बिजली, बैठने की व्यवस्था, बेड, पंखे और रोशनी जैसी सुविधाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए गए। दवाओं के स्टॉक का नियमित भौतिक सत्यापन करने और एक्सपायरी के करीब पहुंच रही दवाओं को जरूरत के अनुसार दूसरे केंद्रों में भेजने को कहा गया।

आयुष्मान योजना के लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने और ग्रामीण क्षेत्रों में टेलीमेडिसिन सेवा को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच, प्रसव पूर्व एवं प्रसव बाद देखभाल तथा संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा मलेरिया और टीबी नियंत्रण अभियान तेज करने, विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाने तथा कुपोषित बच्चों को एमटीसी केंद्रों में भर्ती कर इलाज सुनिश्चित करने को कहा गया। सिकल सेल, थैलेसीमिया और डायरिया की नियमित जांच पर भी विशेष जोर दिया गया।