रांची। सरला बिरला विश्वविद्यालय (SBU) के विद्यार्थियों ने नवाचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और तकनीकी दक्षता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यार्थियों ने विद्यार्थी नवाचार प्रदर्शनी ICCI-2026 में अपने प्रोजेक्ट ‘ई-फॉग कलेक्टर’ के लिए द्वितीय पुरस्कार हासिल किया। वहीं B.Tech कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों की टीम ‘कैफीन कोड’ ने IBM राष्ट्रीय हैकाथॉन-2026 के पूर्वी क्षेत्र में विजेता का खिताब जीता।


ICCI-2026 का आयोजन BIT मेसरा के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग ने किया था। ‘ई-फॉग कलेक्टर’ आयनिक पवन तकनीक के माध्यम से कोहरे से जल संग्रहण की अवधारणा पर आधारित है। विजेता टीम में निखिल शर्मा, आयुष राज और आयुष कुमार सुमन शामिल रहे। टीम का मार्गदर्शन डॉ. अविनाश कुमार ने किया।
IBM राष्ट्रीय हैकाथॉन-2026 का आयोजन 11 से 13 सितंबर तक श्री रामकृष्ण कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, कोयंबटूर में हुआ। ‘कैफीन कोड’ टीम में रिया कुमारी, रिसु कुमारी, शानवी अग्रवाल और अमन कुमार शामिल रहे। टीम ने ‘बेहतर ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता’ विषय पर ‘ग्रामस्वास्थ्य AI’ प्लेटफॉर्म विकसित किया। टीम का मार्गदर्शन डॉ. मनोज पांडेय ने किया।
विश्वविद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों, मार्गदर्शकों और शिक्षकों को इस उपलब्धि पर बधाई दी। विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन और राज्यसभा सांसद सह निदेशक, प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने विजेता विद्यार्थियों की सफलता की सराहना की।

