जमशेदपुर: लगातार सड़क हादसों को लेकर प्रशासन गंभीर, ब्लैक स्पॉट सुधारने और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने की तैयारी

Spread the love

जमशेदपुर: शहर और आसपास लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर जिला प्रशासन ने समीक्षा शुरू कर दी है। हादसों के कारणों की पहचान और उन्हें रोकने के उपायों पर चर्चा के लिए धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों के साथ बस एसोसिएशन, ट्रक एसोसिएशन और सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

बैठक में पिछले कुछ दिनों के दौरान जमशेदपुर और आसपास हुए सड़क हादसों की जानकारी पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने हादसों के पीछे मुख्य कारणों की पहचान करने और उनके आधार पर आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।

प्रशासन की ओर से शहर और आसपास के संवेदनशील दुर्घटना स्थलों यानी ब्लैक स्पॉट को चिन्हित करने की बात कही गई। इन स्थानों पर आवश्यक सुधारात्मक कार्य कराने की तैयारी की जा रही है। साथ ही यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़कों पर वाहनों के परिचालन को व्यवस्थित करने को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।

बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि हादसों को रोकने में प्रशासन के साथ वाहन चालकों और आम लोगों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सड़क पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई।

प्रशासन ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर जरूरी कदम उठाए जाएंगे। ब्लैक स्पॉट में सुधार के साथ लोगों को जागरूक करने पर भी काम किया जाएगा।