चक्रधरपुर: किराए के कमरे में महिला सर्वर की हत्या, भाग रहे युवक को लोगों ने पकड़ा; पुलिस हिरासत में

Spread the love

चक्रधरपुर: चक्रधरपुर में गुरुवार दोपहर एक महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। सीता मंदिर के वार्ड नंबर 7 में महिला सर्वर अनीता बिंद की उसके किराए के कमरे में धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। अनीता सोनुवा प्रखंड में तैनात थीं। घटना के बाद कमरे से निकलकर भाग रहे एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। हिरासत में लिए गए युवक की पहचान अनिल कुमार बिंद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने खुद को अनीता का प्रेमी बताया है।

जानकारी के अनुसार, अनीता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर गांव की रहने वाली थीं और करीब 15 दिन पहले ही संजय साव के मकान में किराए पर रहने आई थीं। गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे अनिल कुमार उनसे मिलने कमरे पर पहुंचा था। कुछ देर बाद ऊपर के कमरे से चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचने लगे।

इसी दौरान अनिल कमरे से बाहर निकलकर तेजी से भागने लगा, जिसे स्थानीय लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया। कमरे में पहुंचने पर अनीता गंभीर हालत में पड़ी मिलीं। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस हिरासत में लिए गए अनिल कुमार से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अनीता और आरोपी दोनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।