रांची: सेटेलाइट चौक के पास एचईसी की जमीन पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान बुधवार को विरोध कर रहे लोगों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। कार्रवाई का विरोध करते हुए लोग सड़क पर उतर आए और जाम लगा दिया। कई प्रदर्शनकारी जेसीबी के सामने बैठ गए, जबकि कुछ लोग मशीन पर भी चढ़ गए। पुलिस द्वारा उन्हें हटाए जाने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।


पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव किया गया, जिसमें कई पुलिसकर्मी चोटिल हुए। महिला पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट का भी आरोप सामने आया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया, जिसमें प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के घायल होने की बात कही गई है। मौके से आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया, जिन्हें शाम में पीआर बांड पर छोड़ दिया गया।
हटिया डीएसपी नीरज कुमार के अनुसार, प्रशासन की टीम शांतिपूर्ण तरीके से अतिक्रमण हटाने पहुंची थी, लेकिन कार्रवाई के दौरान टीम पर हमला और पुलिस पर पथराव किया गया। वहीं, विरोध कर रहे लोगों का आरोप है कि प्रशासन ने पहले बस्ती नहीं तोड़ने की बात कही थी, लेकिन बाद में दोबारा जेसीबी लाकर कार्रवाई शुरू कर दी। बस्तीवासियों का कहना है कि वे करीब 60 वर्षों से यहां रह रहे हैं और कार्रवाई से पहले स्थायी या वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
प्रशासन के अनुसार, संबंधित जमीन एचईसी की है और जिला प्रशासन को अतिक्रमण हटाने का आदेश मिला है। अधिकारियों ने कहा कि आदेश के तहत एचईसी की जमीन पर अतिक्रमण की श्रेणी में आने वाले निर्माण हटाए जाएंगे। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और कार्रवाई जारी रही। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

