जमशेदपुर: एलबीएसएम कॉलेज में हुआ भारतेंदु साहित्य उत्सव, साहित्यकारों को ‘भारतेंदु साहित्य रत्न’ सम्मान

Spread the love

जमशेदपुर: भारतेंदु हरिश्चंद्र की साहित्यिक चेतना, भाषा-दृष्टि, सांस्कृतिक सरोकार और राष्ट्रीय भावना को केंद्र में रखते हुए ‘भारतेंदु साहित्य उत्सव’ का आयोजन एलबीएसएम कॉलेज, जमशेदपुर के सेमिनार हॉल में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय साहित्य परिषद, झारखंड एवं साहित्य कला परिषद, एलबीएसएम कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय साहित्य परिषद, झारखंड के अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार सिंह ने की।

कार्यक्रम के दौरान भारतेंदु युग की साहित्यिक और सामाजिक चेतना पर चर्चा हुई। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार झा ‘अविचल’ ने कहा कि भारतेंदु साहित्य ने हिंदी भाषा को आधुनिक दृष्टि, सामाजिक सरोकार और राष्ट्रीय चेतना से जोड़ा। उन्होंने युवा पीढ़ी तक भारतेंदु के साहित्य और विचारों को पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

इस अवसर पर ‘भारतेंदु साहित्य रत्न’ सम्मान से डॉ. अशोक कुमार झा ‘अविचल’, डॉ. राजश्री जयंती और डॉ. विजय शंकर को सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न साहित्यिक पुस्तकों का लोकार्पण किया गया।

तकनीकी सत्र में भारतेंदु साहित्य में भाषा, संस्कृति और राष्ट्रीय भावना समेत विभिन्न विषयों पर विद्वानों ने विचार रखे। दोपहर में आयोजित कवि सम्मेलन में झारखंड, बिहार समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए कवियों ने अपनी रचनाओं का पाठ किया। कार्यक्रम में साहित्यकारों, शिक्षाविदों, शोधार्थियों और कवियों की मौजूदगी रही।