सरायकेला: सरायकेला के सिनी स्थित सेंट जेवियर स्कूल में शनिवार को कानूनी जागरूकता और करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सिनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को कानून, सुरक्षा और करियर से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।


ओपी प्रभारी ने कहा कि बच्चों को कम उम्र से ही कानून की बुनियादी जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को बाल अधिकार, पॉक्सो एक्ट और गुड टच-बैड टच के बारे में बताया। साथ ही साइबर अपराध और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर भी जागरूक किया। उन्होंने किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान नशे से दूर रहने और यातायात नियमों का पालन करने को लेकर भी जागरूकता दी गई। विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित तरीके से चलने और आपात स्थिति में 112 नंबर पर पुलिस की मदद लेने की जानकारी दी गई। बच्चों के लिए 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन के बारे में भी बताया गया।
करियर मार्गदर्शन के तहत पुलिस, सेना और प्रशासनिक सेवाओं में करियर की संभावनाओं पर चर्चा की गई। विनय कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को अनुशासन, ईमानदारी और नियमित पढ़ाई को सफलता के लिए जरूरी बताया। कार्यक्रम में स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। स्कूल प्रबंधन ने पुलिस की ओर से आयोजित जागरूकता कार्यक्रम की सराहना की।

