झारखंड: सोना देवी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) ब्रज मोहन पाट पिंगुआ को शोध एवं अकादमिक क्षेत्र में उनके दीर्घकालिक योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड मिलने पर विश्वविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रभाकर सिंह ने इस उपलब्धि पर कुलपति को बधाई और शुभकामनाएं दीं।


कुलाधिपति प्रभाकर सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय के कुलपति को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय अकादमिक मंच पर उनके शोध और विशेषज्ञता के लिए सम्मान मिलना पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल कुलपति की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों के लिए भी उत्साह का अवसर है।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य उच्च शिक्षा के साथ गुणवत्तापूर्ण शोध, नवाचार, कौशल विकास और समाजोपयोगी ज्ञान को बढ़ावा देना है। शोध एवं नवाचार के विस्तार के लिए विभिन्न विषयों में अनुसंधान को प्रोत्साहित करने और शोधार्थियों को बेहतर अकादमिक वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय के अनुसार, खनन अभियांत्रिकी और अनुसंधान के क्षेत्र में प्रो. पाट पिंगुआ के योगदान को अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के मंच पर सम्मानित किया जाना संस्थान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। सुरक्षित एवं सतत खनन, तकनीकी नवाचार और पर्यावरणीय संतुलन जैसे विषयों पर शोध को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
विश्वविद्यालय परिवार ने कुलपति को सम्मान मिलने पर बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके मार्गदर्शन में सोना देवी विश्वविद्यालय शोध, नवाचार और अकादमिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में आगे बढ़ेगा तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करेगा।

