हजारीबाग: चौपारण में अवैध महुआ शराब की तस्करी का खुलासा, 285 लीटर शराब और छह चोरी की बाइक बरामद

Spread the love

हजारीबाग: हजारीबाग के चौपारण थाना क्षेत्र के अंबाटारी गांव में पुलिस ने अवैध महुआ शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 285 लीटर शराब और छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, शराब को चोरी की बाइकों के जरिए बिहार भेजने की तैयारी थी। जांच में बरामद सभी छह मोटरसाइकिलों के चोरी के होने की पुष्टि हुई है।

पुलिस को 19 सितंबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि अंबाटारी गांव के रास्ते चोरी की बाइक से महुआ शराब बिहार भेजी जा रही है। इसके बाद चौपारण थाना पुलिस की टीम ने अंबाटारी नदी के आसपास छापेमारी अभियान चलाया।

पुलिस के पहुंचते ही शराब तस्कर मोटरसाइकिलें मौके पर छोड़कर नदी की ओर भाग निकले। तलाशी के दौरान दो स्प्लेंडर, दो होंडा साइन, एक ग्लैमर और एक टीवीएस बाइक बरामद की गई। सभी वाहनों पर महुआ शराब लदी हुई थी।

पुलिस ने इंजन, चेसिस और रजिस्ट्रेशन नंबर की जांच की, जिसमें सभी छह बाइक चोरी की पाई गईं। पुलिस के अनुसार, मामले में पांच नामजद शराब तस्करों और छह बाइक मालिकों के खिलाफ चौपारण थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी पंकज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, सुबिंद्र राम, सहायक अवर निरीक्षक बादल कुमार महतो समेत सशस्त्र पुलिस बल शामिल रहे।