वाराणसी/चतरा: झारखंड के प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन TPC के कमांडर ब्रिजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता की रविवार सुबह वाराणसी में UP ATS के साथ मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, ब्रिजेश गंझू पर कुल ₹30 लाख का इनाम घोषित था, जिसमें झारखंड सरकार की ओर से ₹25 लाख और NIA की ओर से ₹5 लाख का इनाम शामिल था।


UP ATS के अनुसार, टीम को ब्रिजेश गंझू के वाराणसी पहुंचने की सूचना मिली थी। इसके बाद रामनगर थाना क्षेत्र में लंका मैदान के पास घेराबंदी की गई। पुलिस के मुताबिक, ब्रिजेश अपने एक सहयोगी के साथ बाइक से टेंगरा मोड़ से मुगलसराय की ओर जा रहा था। टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस का दावा है कि उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में ब्रिजेश घायल हो गया।
ATS टीम उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में उसकी पहचान चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र स्थित लुटू गांव निवासी ब्रिजेश गंझू के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान ब्रिजेश की गोली UP ATS के डिप्टी एसपी विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। दोनों पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे। घटना के बाद इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया और ब्रिजेश के वाराणसी पहुंचने तथा उसके संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है।

