जमशेदपुर: शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने और वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए शनिवार को ट्रैफिक पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों का चालान काटने या दंडित करने के बजाय उन्हें गुलाब का फूल देकर आगे से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।


अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को समझाया कि हेलमेट और सीटबेल्ट का इस्तेमाल केवल पुलिस के डर या चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि खुद और परिवार की सुरक्षा के लिए जरूरी है। पुलिस ने कहा कि सड़क पर की गई छोटी सी लापरवाही भी दुर्घटना की स्थिति में गंभीर परिणाम दे सकती है।
इस विशेष अभियान में शहर के पांचों ट्रैफिक थाना क्षेत्रों—साकची, बिष्टुपुर, गोलमुरी, मानगो और जुगसलाई—की पुलिस शामिल रही। बिना हेलमेट, बिना सीटबेल्ट और ट्रिपल राइडिंग करने वाले करीब 240 वाहन चालकों को गुलाब देकर जागरूक किया गया।
अचानक चालान बुक की जगह पुलिसकर्मियों के हाथों में गुलाब देखकर कई वाहन चालक हैरान रह गए। वहीं कुछ चालक अपनी गलती को लेकर असहज और शर्मिंदा भी नजर आए। पुलिस ने लोगों से अपील की कि सड़क सुरक्षा को अपनी आदत और जिम्मेदारी का हिस्सा बनाएं।

