रांची: धुर्वा के सेक्टर-2 स्थित पंप हाउस इलाके में एक दलित महिला को कुएं से पानी भरने से रोकने, जातिसूचक गालियां देने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता मंजू चौधरी ने अपने पड़ोसी अमरेंद्र कुमार, उसकी पत्नी रेमी देवी, दो पुत्रों आदित्य और अमन उर्फ अंशु तथा उपेंद्र यादव के खिलाफ जगन्नाथपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला ने आरोप लगाया है कि जाति के आधार पर उन्हें कुएं से पानी लेने और घर के बाहर कपड़े सुखाने से रोका जा रहा है।


पीड़िता के आवेदन के अनुसार, 23 जुलाई की शाम आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की थी। इसके बाद 26 जुलाई को जब वह कुएं से पानी भरने पहुंचीं, तो उन्हें रोक दिया गया। महिला का आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर उन्हें अपमानित किया गया और कुएं से पानी भरने तथा पीने नहीं देने की धमकी दी गई।
मंजू चौधरी ने यह भी आरोप लगाया कि अमरेंद्र कुमार और उसके परिवार के लोग उन्हें घर के बाहर कपड़े सुखाने से रोकते हैं। आरोपियों की ओर से कथित तौर पर कहा जाता है कि रास्ते से गुजरने के दौरान सूख रहे कपड़े उनसे सट जाते हैं।
पीड़िता के मुताबिक, 10 अक्टूबर की दोपहर करीब तीन बजे आरोपियों ने उनके घर पर हमला किया। इस दौरान कथित रूप से जातिसूचक गालियां दी गईं, मारपीट की गई और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
लगातार मिल रही धमकियों से भयभीत होकर महिला सुरक्षा की मांग लेकर जगन्नाथपुर थाने पहुंचीं और पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने प्राथमिकी के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

