जमशेदपुर: दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन ने 15 से 21 अक्टूबर तक भारी वाहनों के परिचालन पर समय के अनुसार प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। इस दौरान अलग-अलग दिनों में वाहनों की आवाजाही के लिए अलग-अलग समय निर्धारित किया गया है, ताकि पूजा पंडालों और विसर्जन मार्गों पर भीड़ के बीच यातायात नियंत्रित रखा जा सके।


पंचमी पूजा के दिन 15 अक्टूबर को शाम 4:30 बजे से रात एक बजे तक बसों को छोड़कर सभी भारी वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। वहीं, 16 से 20 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह पांच बजे से 11:30 बजे तक भारी वाहनों को दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति होगी। सुबह 11:30 बजे से अगले दिन सुबह पांच बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
प्रतिमा विसर्जन के दिन 21 अक्टूबर को यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव किया जाएगा। इस दिन सुबह छह बजे से विसर्जन समाप्त होने तक निर्धारित विसर्जन मार्गों पर बसों सहित सभी भारी वाहनों और चारपहिया वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा मरीन ड्राइव पर भी निर्धारित अवधि में भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क किनारे पार्किंग की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने वाहन चालकों और आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की हिदायत दी गई है। लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने को कहा गया है, ताकि सड़कों पर जाम की स्थिति न बने।
प्रशासन ने यह भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दें। लोगों से सहयोग करने और निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करने की अपील की गई है, ताकि दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

