जमशेदपुर: टाटा स्टील में असिस्टेंट मैनेजर के 34 डोमेन में बहाली, कर्मचारी 30 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन

Spread the love

जमशेदपुर: टाटा स्टील ने अपने कर्मचारियों को अधिकारी वर्ग में शामिल होने का अवसर देते हुए असिस्टेंट मैनेजर (आईएल-6 ग्रेड) के विभिन्न पदों पर आंतरिक बहाली निकाली है। कंपनी के अलग-अलग लोकेशनों पर कुल 34 टेस्ट क्लस्टर यानी डोमेन में नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई है। इनमें एडमिनिस्ट्रेशन, ब्लास्ट फर्नेस, केमिकल, सिविल, कोक प्लांट, कोल्ड रोलिंग, कॉरपोरेट ऑडिट, फाइनेंस और कमर्शियल समेत कई विभाग शामिल हैं। इस संबंध में टैलेंट एक्विजिशन, परफॉर्मेंस मैनेजमेंट एवं टैलेंट डेवलपमेंट की हेड शिवांगी सिन्हा के हस्ताक्षर से आंतरिक सर्कुलर जारी किया गया है। इच्छुक कर्मचारी कंपनी के आंतरिक पोर्टल ‘आइरिस’ के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर निर्धारित की गई है। इसी तारीख को अनुभव की गणना के लिए कट-ऑफ तिथि भी माना जाएगा।

इस भर्ती प्रक्रिया में टाटा स्टील और उसकी विलय हुई इकाइयों के एनओपीआर कर्मचारी ग्रेड तथा ओएल ग्रेड के पात्र कर्मचारी आवेदन कर सकेंगे। आवेदकों के पास संबंधित क्षेत्र में किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से पूर्णकालिक डिग्री, डिप्लोमा या स्नातकोत्तर योग्यता होना अनिवार्य है। पार्ट टाइम, डिस्टेंस एजुकेशन या पत्राचार माध्यम से पढ़ाई करने वाले कर्मचारी इस भर्ती के लिए पात्र नहीं होंगे।

शैक्षणिक योग्यता के आधार पर अनुभव की अलग-अलग शर्तें निर्धारित की गई हैं। बीई, बीटेक, एमई और एमटेक डिग्रीधारकों के लिए टाटा स्टील में कम से कम तीन वर्ष की निरंतर सेवा जरूरी है। वहीं, डिप्लोमा, पोस्ट ग्रेजुएट या डुअल डिग्री धारकों के लिए न्यूनतम पांच वर्ष का अनुभव निर्धारित किया गया है। कंपनी में लेटरल एंट्री के माध्यम से शामिल हुए कर्मचारियों पर भी अनुभव से संबंधित विशेष शर्तें लागू होंगी।

इसके अलावा, ओएल ग्रेड के कर्मचारियों को पिछले दो मूल्यांकन वर्षों में निर्धारित न्यूनतम रेटिंग स्कोर हासिल करना होगा। साथ ही, वर्तमान स्तर पर कम से कम दो वर्ष की सेवा पूरी करना भी जरूरी है। पात्र कर्मचारियों को आवेदन से पहले सभी निर्धारित शर्तों की जांच कर अंतिम तिथि तक आंतरिक पोर्टल पर अपना आवेदन जमा करना होगा।