जमशेदपुर: दुर्गापूजा को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिले में पुलिस प्रशासन अलर्ट पर है। गुरुवार को वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब की अध्यक्षता में पुलिस अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के अनुसंधान और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई। पूजा के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।


एसएसपी ने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी बढ़ाने, नियमित गश्त करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने तथा वारंट और कुर्की आदेशों का प्रभावी ढंग से पालन कराने का निर्देश दिया गया। चरित्र सत्यापन और पासपोर्ट सत्यापन जैसे कार्यों को भी निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया गया।
दुर्गापूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए जमशेदपुर शहर में करीब 2000 अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। प्रमुख पूजा पंडालों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। नियमित गश्त के जरिए भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा, ताकि असामाजिक गतिविधियों और किसी भी तरह की गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और शहर में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना है।

