टाटानगर स्टेशन के पास रेलवे की कार्रवाई, खासमहल रोड पर आजसू पार्टी कार्यालय सील; भाजपा कार्यालय पर भी नजर

Spread the love

जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास खासमहल रोड पर रेलवे प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आजसू पार्टी का कार्यालय सील कर दिया। रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने आरपीएफ जवानों की मौजूदगी में यह कार्रवाई की। इसके बाद इलाके के राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, रेलवे प्रशासन की ओर से फिलहाल कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, इसी साल जून में रेलवे ने टाटानगर स्टेशन के आसपास अतिक्रमित जमीन पर बने आजसू और भाजपा कार्यालयों को नोटिस जारी किया था। इन निर्माणों को हटाने के लिए 18 जुलाई की तारीख तय की गई थी, लेकिन उस समय कार्रवाई नहीं हो सकी थी।

अब आजसू कार्यालय को सील किए जाने के बाद भाजपा कार्यालय को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। रेलवे की ओर से पहले जारी नोटिस के मद्देनजर इस कार्यालय पर भी कार्रवाई की संभावना को लेकर चर्चा हो रही है। हालांकि, भाजपा कार्यालय पर कार्रवाई कब होगी या इसके लिए कोई नई तारीख निर्धारित की गई है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

रेलवे प्रशासन की इस कार्रवाई को स्टेशन के आसपास अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया से जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल, कार्रवाई के कारणों, आगे की योजना और भाजपा कार्यालय को लेकर रेलवे के आधिकारिक रुख का इंतजार है।