जमशेदपुर: ग्रामीणों के विरोध के बाद तालसा गांव में लगा SIR कैंप, 412 नोटिसों में से 385 का निपटारा

Spread the love

जमशेदपुर: मतदाता सूची की गड़बड़ियों को दूर कराने के लिए ग्रामीणों के विरोध के बाद आखिरकार जमशेदपुर प्रखंड की केरूआडूंगरी पंचायत के तालसा गांव में विशेष शिविर लगाया गया। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत आयोजित इस कैंप में मतदाता सूची से जुड़ी 412 विसंगति नोटिसों में से 385 मामलों का निपटारा किया गया, जबकि 27 मामले अभी लंबित हैं। शिविर के दौरान 175 नए फॉर्म भी जमा कराए गए।

गांव में मतदाता सूची से संबंधित कुल 412 विसंगति नोटिस जारी हुए थे। इनके निपटारे के लिए मुखिया कान्हू मुर्मू और माझी बाबाओं के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बीडीओ और सीओ कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया था। ग्रामीणों की मांग थी कि गांव में ही विशेष कैंप लगाया जाए, ताकि उन्हें मतदाता सूची में सुधार कराने के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

ग्रामीणों की मांग के बाद गुरुवार को पंचायत और ग्राम सभा के सहयोग से तालसा गांव में शिविर आयोजित किया गया। कैंप में मतदाता सूची से संबंधित मामलों की सुनवाई और आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

शिविर के आयोजन में माझी बाबा दुर्गा चरण मुर्मू, बीएलओ शुरुवाली हेंब्रम, वार्ड सदस्यों और बीएलए-2 कार्यकर्ताओं ने अहम भूमिका निभाई। मुखिया कान्हू मुर्मू ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी है। उन्होंने मतदाता सूची की विसंगतियों को दूर करने और पात्र लोगों का नाम दर्ज कराने के महत्व पर जोर दिया।