आदित्यपुर/जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित श्रीनाथ यूनिवर्सिटी में आयोजित डांडिया नाइट के दौरान कुप्रबंधन को लेकर विवाद होने का मामला सामने आया है। कार्यक्रम में पास होने के बावजूद कुछ छात्रों को प्रवेश नहीं मिलने पर मुख्य द्वार पर हंगामा शुरू हो गया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और धक्का-मुक्की के साथ कथित तौर पर पथराव की घटना भी हुई। सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में शामिल होने के लिए छात्रों को पास जारी किए गए थे। आरोप है कि पास होने के बावजूद कई विद्यार्थियों को प्रवेश द्वार पर रोक दिया गया। इसके बाद छात्रों और प्रबंधन के बीच बहस शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान कथित रूप से एक फैकल्टी सदस्य द्वारा धक्का दिए जाने से एक छात्रा गिरकर घायल हो गई। हालांकि, घटना के सभी पहलुओं की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
बिना अनुमति आयोजन का आरोप
मामले पर सरायकेला के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) अभिनव प्रकाश ने कहा कि इतने बड़े सांस्कृतिक आयोजन के लिए जिला प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी और न ही प्रशासन को इसकी सूचना दी गई थी। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही।
घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा और आयोजन के प्रबंधन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल, विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले में पुलिस और प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

