जमशेदपुर: एनटीटीएफ गोलमुरी में ‘सेवा सम्मान समारोह’, 20 वर्षों की सेवा के लिए पी. मंजुला सम्मानित

Spread the love

जमशेदपुर: गोलमुरी स्थित एनटीटीएफ आरडी टाटा तकनीकी संस्थान और टाटा स्टील फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘सेवा सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्थान की प्रगति और विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले कर्मचारियों को उनके समर्पण, मेहनत और निरंतर सेवा के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह की शुरुआत टाटा स्टील फाउंडेशन के ब्रज किशोर सिंह, टाटा मोटर्स के पृथ्वी पाल और संस्थान की प्राचार्य प्रीता जॉन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद प्राचार्य प्रीता जॉन ने स्वागत भाषण दिया और सभी को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन और तकनीकी दक्षता विकसित करने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।

समारोह में पी. मंजुला को संस्थान में 20 वर्षों की निरंतर सेवा पूरी करने पर विशेष ‘सेवा सम्मान’ प्रदान किया गया। वहीं, 10 वर्षों की सेवा पूरी करने वाले चार शिक्षकों मनीष कुमार, मुनमुन गोराई, शर्मिष्ठा दास और ज्योति कुमार ठाकुर को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

संस्थान प्रबंधन ने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की सफलता में शिक्षकों के साथ-साथ प्रशासनिक और तकनीकी कर्मचारियों का भी अहम योगदान होता है। कर्मचारियों की मेहनत और समर्पण संस्थान को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे सम्मान समारोह कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ उनमें बेहतर कार्य करने की प्रेरणा भी पैदा करते हैं।