जमशेदपुर: दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जमशेदपुर पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में शुक्रवार को साकची थाना क्षेत्र में पुलिस बल की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने शहर के प्रमुख और संवेदनशील इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।


फ्लैग मार्च साकची थाना क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों से गुजरते हुए वापस साकची थाना परिसर पहुंचकर संपन्न हुआ। इस अभियान का उद्देश्य पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना है।
दुर्गा पूजा के दौरान शहर के विभिन्न पूजा पंडालों, बाजारों और मुख्य सड़कों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस की ओर से भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है।
पुलिस-प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूजा पंडालों में दर्शन कर सकें और पूरे शहर में शांति व्यवस्था बनी रहे। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस ने त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने की तैयारी तेज कर दी है।

